हरदोई। पाली में बाजार करने आई देवरानी-जेठानी के बीच झगड़ा हो गया। दोनों तरफ से जमकर चप्पल लात घूंसे चले। मारपीट के बाद थाने पहुंचीं देवरानी ने जेठानी के चौकीदार भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पाली थाने के कहारकोला गावं निवासी सुधीर मिश्रा की शादी परेली गांव निवासी तुलसा के साथ हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके बाद से दोनों अलग हो गए। तुलसा के मुताबिक पिछले 12 वर्षों से वह अपने मायके में रह रही है। अभी हाल में ही दोनों में समझौता हो गया और एक दूसरे के साथ रहने को राजी हुए। तुलसा के मुताबिक यह बात ससुराल वालों को मंजूर नहीं हुई। तुलसा और उसकी देवरानी ऋतु का पाली बाजार में आमना-सामना हो गया। जिसके बाद दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। उसी समय तुलसा का भाई सुनील जो थाने पर चौकीदार है, मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों में जम कर चप्पलों व लात घूंसों से मारपीट हुई। घटना के बाद थाने पहुंचीं ऋतु ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने पति सौरभ के साथ कहारकोला से पैदल आ रही थी। पाली में राजकीय कन्या इंटर कालेज के पास कहारकोला निवासी सुनील पाठक ने उसके साथ मारपीट की तथा अन्य गंभीर आरोप लगाए है। बताया गया कि शोरगुल करने पर पहुंचें लोगों ने उसे बचाया है।
एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें तुलसा का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा था लेकिन अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। जिसको लेकर इसके घरवालों को आपत्ति थी। इसी में विवाद हुआ और चौकीदार सुनील की महिला ने पिटाई की है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।