हरदोई– लखनऊ पलिया हाईवे के लिए लगभग 45 मीटर चौड़ी पटरीनुमा जमीन अधिग्रहीत की गई है। अभी फोरलेन निर्माण प्रस्तावित है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे सिक्स लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा, तब जमीन अधिग्रहण नहीं करना होगा।
जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर 24 से अधिकतम 39 मीटर चौड़ाई तक चौड़ाई में हाईवे का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा जो जमीन बचेगी उसे विभाग सुरक्षित श्रेणी में रखेगा। एनएचएआई की बरेली शाखा के आंकड़ों की मानें तो हरदोई जनपद की सीमा में इस हाईवे की कुल लंबाई 109 किमी है। इसे बनाने के लिए 215.5487 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की गई है। करीब साढ़े तीन साल से इसके लिए कवायद चल रही है। एनएचएआई के एक इंजीनियर के अनुसार जमीन अधिग्रहण के बदले में किसानों को 2550 करोड़ रुपये की धनराशि मुआवजे के तौर पर दी जा रही है।