प्रेम द्विवेदी –
बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा लोकवापुर में धर्मेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह उम्र 35 वर्ष की बाग में बने बिना जगत के कुएं में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई । धर्मेंद्र शादीशुदा था व उसके दो बच्चे हैं । उसके एक पांच वर्ष का पुत्र व आठ वर्ष की पुत्री है । धर्मेंद्र लखनऊ में रहता था । वह दस दिन पहले अपने गांव लोकवापुर में गेहूं की फसल कटाने आया था ।
आज सुबह 4:00 बजे धर्मेन्द्र अपने बाग में शौच के लिए गया था । उसके बाग में एक कुआं है जो बिल्कुल जमीन के बराबर है व उसमे जगत (किनारे) नहीं बनी है । वह सुबह 4:00 बजे जब अंधेरे में कुएं के पास से गुजरा तभी लड़खड़ा गया और कुएं में जगत न होने कारण वह सिर के बल कुएं में जा गिरा । कुएं में बोरिंग थी उसी में उसका सिर चला गया, जिससे उसके सिर में काफी चोटें आई । इन्हीं चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई । जब वह काफी समय तक घर वापस नहीं लौटा तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी । काफी खोजबीन के बाद सुबह 7:00 बजे जब बाग में बने कुएं में झांककर देखा गया तो उसमें वह युवक पड़ा दिखाई दिया । जिसे आनन-फानन में परिजनों ने बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी ।
परिजनों ने जब युवक की मृत देह देखी तो घर मे कोहराम मच गया । परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी । मौके पर पहुंची बघौली पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली तो परिजनो ने किसी पर कोई आरोप न लगाकर बताया कि कोई संदिग्ध मामला नहीं है । इस पर थाना प्रभारी फूलचंद सरोज ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।