कछौना (हरदोई)। बिहार प्रांत से माता वैष्णो देवी और अमरनाथ दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले भक्त का रविवार को कछौना नगर पहुंचने पर श्रद्धालु नगरवासियों द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया ।
24 दिनों का पैदल सफर तय करके रविवार को नगर कछौना पहुंचे युवा भक्त उपेंद्र रॉय यादव थोड़े समय के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के सम्मुख स्थित जीसा इंटरनेट सुविधा केंद्र पर रुके, जहाँ उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि वह बिहार की राजधानी पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और उन्होंने 17 मई को माता वैष्णो देवी और अमरनाथ दर्शन के लिए बख्तियारपुर से पदयात्रा आरंभ की थी । उन्होंने यह भी बताया कि वह तीसरी बार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पद यात्रा पर निकले हैं । इससे पहले भी वह दो बार पद यात्रा कर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा चुके हैं ।
पैदल यात्रा का भाव पहली बार कब और कैसे आया का सवाल पूछे जाने पर भक्त उपेंद्र यादव ने बताया कि लगभग 15-16 वर्ष की उम्र मे जब वह उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में एक होटल में काम करता थे तो माता की भक्ति की तरफ झुकाव हुआ । माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा जागृत हुई पर आने-जाने के लिए इतने पर्याप्त पैसे नहीं थे कि दर्शन करके वापस आ पाता पर मन ने ठान लिया था कि कैसे भी हो माता के दर्शन करने हैं और इसी संकल्प के साथ पहली बार कानपुर नगर से पैदल यात्रा करके माता वैष्णो के दर्शन किये । आगे बताया कि माता की कृपा से विवाह के बाद बिहार राज्य के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पर ही छोटा सा व्यवसाय शुरू करके सुखी गृहस्थ जीवन व्यतीत करते हुए 2018 में पुनः दूसरी बार पद यात्रा कर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने का सौभाग्य बना । जिसके बाद 17 मई 2023 को एक बार फिर से अपने घर से माता के दर्शन के साथ साथ बाबा बर्फानी अमरनाथ की पद यात्रा पर निकला हूँ जो लगभग दो महीने में पूरी होगी ।
पद यात्रा के माध्यम से लोगों को क्या संदेश देना चाहते हैं का सवाल पूछे जाने पर भक्त उपेंद्र यादव ने बताया कि बस यही कहना चाहूंगा कि यदि आपमें अपने आराध्य के प्रति सच्ची श्रद्धा है तो भले ही आपके पास संसाधन का अभाव हो अगर आपने संकल्प ले लिया तो पदयात्रा में भी आपको किसी प्रकार की रुकावट और तकलीफ नहीं हो सकती । भक्त उपेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा के दौरान वह मार्ग में पड़ने वाले पुलिस थानों पर सूचना के रूप में अपनी डायरी पर थाने की स्टैंप लगवाकर इंट्री भी करवाते हैं ।
वहीं भक्त का स्वागत करने वालों में से जीसा इंटरनेट सुविधा केंद्र के संचालक रामजी गुप्ता ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में पद यात्रा के लिए मन में आत्म विश्वास और दृढ़ संकल्प का होना अति आवश्यक होता है जो भक्त उपेंद्र यादव में विद्यमान सच्ची श्रद्धा और भक्ति भाव से साफ झलकता है । वहीं नगर के पूर्व सभासद अभय सिंह उर्फ टिंकू सिंह ने कहा कि इतनी लंबी दूरी की दुरूह यात्रा का संकल्प भक्ति और आस्था की पराकाष्ठा है । हम सभी नगरवासी इस सच्चे भक्त की धार्मिक यात्रा के सकुशल पूर्ण होने की कामना करते हैं। कछौना से हरदोई की ओर प्रस्थान के दौरान भक्त उपेंद्र यादव का रामजी गुप्ता, शशांक सिंह, अभय सिंह, राजू यादव, पवन सविता, अंकित तिवारी, अभिषेक विश्वकर्मा सहित तमाम नगरवासियों द्वारा फूल माला पहनाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनायें देते हुए थोड़ी दूर तक साथ चलकर जय माता दी का उद्घोष करते हुए विदा किया गया । इस अवसर पर कुछ नगरवासियों द्वारा सहयोग राशि भी भेंट की गई ।