आपसी विवाद में पति ने खाया जहर, हुई मौत

प्रेम द्विवेदी :

बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता को अपने पति के विरुद्ध अपशब्द कहना भारी पड़ गया । पत्नी के अपशब्दों से आहत युवक ने जहर खाकर जान दे दी।।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामसभा करीमनगर सैदापुर निवासी दिनेश (उम्र 24 वर्ष) पुत्र राजाराम का विवाह गांव बीकापुर निवासी पूनम के साथ 6 वर्ष पूर्व हुआ था । लेकिन विवाह के कुछ दिनों बाद ही पति-पत्नी में विवाद होने लगा और विवाद इतना बढ़ गया कि पूनम अपने मायके आकर रहने लगी । उसने पति दिनेश के खिलाफ दहेज एक्ट का मुकदमा भी दायर कर दिया । उसके बाद पूनम ने महिला थाने में भी अपने पति दिनेश के खिलाफ प्रार्थना पत्र दे दिया । पत्नी द्वारा महिला थाने में शिकायत की जानकारी जब दिनेश को हुई; तब उसने अपनी पत्नी से सुलह समझौते की कोशिश की । लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका । कल दिन शुक्रवार को महिला थाना में समाधान दिवस पर शिकायतकर्ता पत्नी और पति में कहा सुनी हो गई; जहां पति को उसकी पत्नी द्वारा अपमानित किया गया व विदाई से मना करने के साथ जिन्दगी बर्बाद करने की धमकी दी गई; जिससे आहत होकर दिनेश ने वापस घर आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली ।

युवक की मौत का समाचार सुनते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया । घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।