हरदोई : शहर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यापारी ने बैंक के कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। शव को फंदे पर लटकता देख लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उनके पास मिले मोबाइल से घटना की सूचना परिजनों को दी।
नघेटा पूर्वी निवासी राजेश शर्मा (35) प्रभू दयाल की सरकुलर रोड पर फर्नीचर की दुकान है। पिता के अनुसार राजेश के दो बेटे आशीष और भैया व दो बेटियां प्रांसी, साक्षी हैं। उन्होंने बताया कि राजेश ने दुकान के लिए चौपाल सागर शाहजहांपुर रोड स्थित स्टेट बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये कर्ज लिए थे। जिसको अदा करने को लेकर राजेश काफी परेशान थे। वहीं दुकान का जीएसटी में रजिस्ट्रेशन कराया था और उनका कोड पर लाक हो गया था उसको लेकर भी परेशान थे। शुक्रवार की सुबह चार बजे राजेश उनके पास आया और पैर छूकर बैठ गया उन्होंने राजेश से सो जाने की बात कही तो उन्होंने नींद न आने की बात कही और टहलने के लिए चले गए। जिसके बाद पुलिस ने फोन कर सूचना दी कि राजेश का शव सरकुलर रोड स्थित ब्रेड फैक्ट्री के पीछे बबलू के पेड़ में गमछे से लटकता मिला है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया।