घर से निकले युवक का तीसरे दिन तालाब में मिला शव

हरदोई- माधौगंज थाना क्षेत्र में घर से निकले युवक का शव तीसरे दिन तालाब में उतराता हुआ मिला। शौच गए लोगो की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सेलापुर निवासी अनिल कुमार कनौजिया का पुत्र रविवार की सुबह करीब 4 बजे कही चला गया था। परिजनों ने उसे रिस्तेदारी व दोस्तो के यहाँ तलाश किया। पता न चलने पर सोमवार को थाने में भी सूचना देने पहुँचे।जिसके बाद मंगलवार की सुबह गांव के पूरब तालाब के किनारे रह रहे तौफीक हसन ने युवक का शव तालाब में उतराते देखा।उसने गांव केअन्य लोगो को बताया। सूचना पर पहुंचे पिता अनिल कुमार ने अपने पुत्र अखिलेश्वर कनौजिया  के शव की शिनाख्त की। पिता ने बताया कि अखिलेश्वर अपनी मां के पास शनिवार रात को सो रहा था। उसके बाद उसका शव मंगलवार की सुबह तालाब में मिला। गांव वालों का कहना है कि अखिलेश्वर रविवार सुबह दरवाजे से न जाकर टीन शेड से उतरकर घर से बाहर चला गया। बताया जाता है कि मल्लावां थाने के पटेल टीकाराम महाविद्यालय से वह बीटीसी कर रहा था। गांव के लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। आखिर लोगों के गले यह नही उतर रहा कि युवक ने आत्महत्या की तो उसकी वजह क्या रही। जिसके कारण उसने मौत को गले लगा लिया। मृतक के चाचा कैलाश ने पुलिस को तालाब में डूबकर मृत्यु होने की तहरीर दी है।