शाहाबाद( हरदोई)- पिछले एक सप्ताह से विवाहिता को पोस्टर लगाकर बदनाम करने वाले व्यक्ति को पकडने के बाद आहत पिता ने कप्तान के आदेश पर नामजद मुकद्मा दर्ज कराया है। थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौक निवासी वेदप्रकाश वर्मा की पुत्री बाराबंकी में ब्याही है। पुत्री को किसी दूसरे युवक के साथ विवाह करने और 15 जुलाई को वेदप्रकाश के घर पर ही दावत होने के पोस्टर लगाये जा रहे थे। एक सप्ताह से पोस्टर रात में लगाने का क्रम चल रहा था।
बदनामी के डर से वेदप्रकाश प्रतिदिन सुबह को पोस्टर फडबाते रहे। सुरागरशी में लगे श्री वर्मा ने सोमवार की रात बाजार शंभा निवासी कमलेश वर्मा पुत्र पुरूषोत्तम सेन वर्मा को पकड लिया। जब वेदप्रकाश ने अकारण पुत्री को बदनाम करने पर आपत्ति की तो कमलेश आग बबूला हो गया और असलह लेकर वेदप्रकाश के घर में घुस कर गाली गलौज किया। बदनामी से आहत वेदप्रकाश कप्तान से मिले और सारी दास्तान बताई। कप्तान ने शाहाबाद पुलिस को तत्काल रिपोर्ट लिखने का आदेश दिया। मंगलवार को कमलेश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है । पुलिस मामले की जांच कर रही है।