रूस में 71 लोगों को ले जा रहा एक यात्री विमान आज मॉस्को के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है । मीडिया की खबरों के अनुसार रूस की सरातोव एयरलाइन्स के इस ए.एन. 148 जेट विमान ने मॉस्को के दोमोदेदोवो हवाई अड्डे से यूराल्स के ओरस्क शहर के लिए उड़ान भरी थी । उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर मॉस्को के समीप रामेन्सकी जिले में गिर गया ।
मॉस्को के बाहरी क्षेत्र में आरगुनोवो गांव में प्रत्यक्षदर्शियों ने जलते हुए विमान को गिरते देखा । सूत्रों के अनुसार दुर्घटना स्थल पर विमान का मलबा बड़े इलाके में फैला पड़ा है । सूत्रों के अनुसार किसी भी यात्री के बचने की संभावना बहुत कम है । रूस का परिवहन मंत्रालय दुर्घटना के पीछे खराब मौसम और पायलट की गलती सहित कुछ अन्य कारण होने की भी जांच कर रहा है ।