अज्ञात कारणों के चलते विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत

प्रेम द्विवेदी :

ब्लाक अहिरोरी क्षेत्र केअंतर्गत एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी है ।

मिली जानकारी के अनुसार ग्रामसभा अठौआ के मजरा परेनुआ निवासी लल्लन (उम्र 28 वर्ष) का विवाह 6 वर्ष पूर्व शाहाबाद निवासी बेचेलाल की पुत्री सावित्री देवी (उम्र 26 वर्ष) के साथ हुआ था । बीती रात दोनों पति पत्नी घर के आंगन में सो रहे थे उसी समय रात लगभग 12:00 बजे लल्लन की नींद खुल गई तो वह पत्नी को अपने बिस्तर पर न देख ढूंढने लगा । लल्लन जब कमरे में गया तो उसकी पत्नी सावित्री कमरे की छत में लगे कड़े में साड़ी के फांसी के फंदे में लटकी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी । यह देख कर लल्लन के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई ।

उसने घटना की जानकारी अपने परिवारी जनों को दी ।अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया । परिवारी जनों ने घटना की सूचना बघौली पुलिस व मृतका के मायके वालों को दी । मृतका के पिता बेचेलाल व अन्य परिजन आनन फानन रोते बिलखते मृतका के घर आ पहुंचे और मृतका के पिता बेचेलाल ने अपने दामाद लल्लन से मृतका की पुत्री के नाम एक लाख रुपए व पुत्र के नाम दो बीघे खेत करवाने की शर्त रखी । इस पर लल्लन के द्वारा आनाकानी करने पर कुछ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई । जिसे गांव के कुछ संभ्रांत व्यक्तियों और रिश्तेदारों द्वारा मिलजुल कर सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था ।

मृतका के दो बच्चे कार्तिक 4 वर्ष और संजना 1 वर्ष हैं ।फिलहाल खबर लिखे जाने तक मृतका के मायके वालों ने थाने में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया था । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था ।