अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मृत्यु, दूसरा युवक गंभीर घायल

कछौना, हरदोई। कोतवाली क्षेत्र मल्लावां के अंतर्गत बीती रात सण्डीला-मल्लावां मार्ग पर गोसवा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार किशोर/युवक गम्भीर घायल हो गए। जिसमें से 17 वर्षीय किशोर की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। दूसरे घायल युवक का इलाज सण्डीला के निजी अस्पताल में चल रहा है।

बताते चलें कुलदीप (17) पुत्र स्व० हेतराम मूलनिवासी पनुआ थाना बघौली वर्तमान निवासी कमालपुर कोतवाली कछौना व बृजेश कुमार (18) पुत्र रमेश निवासी कमालपुर कोतवाली कछौना बाइक पर सवार होकर मल्लावां से अपने घर आ रहे थे, इसी दौरान संडीला मल्लावां मार्ग पर गोसवा (नयागांव) कोतवाली मल्लावां क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन व मल्लावां पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों को सीएचसी मल्लावां में भर्ती कराया गया, घायलों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रिफर कर दिया। घायल कुलदीप को जिला अस्पताल से डॉक्टर ने लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर को रिफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान कुलदीप की मृत्यु हो गई। वही घायल बृजेश कुमार का इलाज संडीला के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। 

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार घायल बृजेश के जबड़े टूट गये है, वही अन्य जगह भी गंभीर चोटें आई हैं। हालत काफी नाजुक हैं। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम छा गया। होली की गुजियों का स्वाद फीका पड़ गया, पूरे गांव में सन्नाटा है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता/अंकित वर्मा