आप और हम चेतना मंच ने राष्ट्र हित में योगदान करने वाली कई विभूतियों को किया सम्मानित

ब्यूरो हरदोई- 


शिक्षा, खेल, चिकित्सा, राजनीति, व पत्रकारिता के क्षेत्र के लोग हुए चयनित.


बीते कल आप और हम चेतना मंच ने पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती की पूर्व बेला पर संवाद-संगम और सम्मान कार्यक्रम का आयोजन कर राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने वाली 07 महान विभूतियों को सम्मानित किया गया। चेतना मंच ने इस कार्यक्रम में उन प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जो बेहद कम उम्र में बेहतर समाज की स्थापना में जुटे हैं।कार्यक्रम का उदघाटन उदित पाठक समाजसेवी, अपूर्वा अवस्थी साहित्यकार, हरिश्याम बाजपेयी पत्रकार, आलोकिता श्रीवास्तव समाजसेविका, शौर्यवर्धन सिंह बाल-गायक ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सीतापुर के विधायक ज्ञान तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में राष्ट्र की बेहतर परिकल्पना करते हुए बताया कि हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति पूरे देश में एक मिसाल है। यहां धरती को मां का दर्जा दिया गया है और वह माँ जो हमेशा अपने पुत्रों को देती है बल्कि लेती कुछ भी नहीं अन्य पानी वस्त्र आभूषण इत्यादि धरती मां की ही देन है जो वास्तव में अभूतपूर्व है। इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक रानू सिंह ने कहा कि हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति बनाए रखना हम सबका दायित्व है। अक्सर लोग बातें तो करते हैं पर धरातल पर अपने राष्ट्र हित के लिए कोई कुछ नहीं करता, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज व राष्ट्र को दिशा देने वाले लोगों की उन्होंने सराहना की। आप और हम चेतना मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की तारीफ की। चेतना मंच के संरक्षक अरुणेश बाजपेई ने कहा राष्ट्र के नवनिर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी होनी चाहिए तभी सशक्त समाज की स्थापना हो सकती है।
चेतना मंच के अध्यक्ष सर्वाधार सिंह ने कहा की आप और हम चेतना मंच द्वारा छोड़ी गई शहीदों की मूर्ति की स्थापना की मुहिम में शासन प्रशासन से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। जिसके चलते हरदोई में शहीदों के सम्मान से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने शासन से मांग की है कि हरदोई में चौराहों पर शहीदों की मूर्तियों की स्थापना की जाए। कार्यक्रम में आप और हम चेतना मंच के संयोजक कमलेश पाठक की मांग पर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने 6 माह में शहीद कर्नल हर्ष उदय सिंह गौर की मूर्ति की स्थापना हरदोई शहर के किसी चौराहे पर करने की बात कही है। श्री सिंह ने सरस्वती सदन की सीमा मिश्रा द्वारा छेड़ी गयी मुहिम अर्जुनपुर पुल के निर्माण को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की शुरुआत मार्च तक करा देने का वादा किया।
इस कार्यक्रम में सर्वोदय आश्रम की उर्मिला श्रीवास्तव, अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण सिंह, भाजपा नेता अखिलेश पाठक, पारुल दीक्षित, भरत पांडेय, समीर सिंह एडवोकेट समरादित्य सिंह गौर, प्रो. अखिलेश बाजपेयी, पूर्व प्राचार्य बीडी शुक्ला, कांग्रेस नेता जमील अहमद, चेतना मंच के युवा अध्यक्ष विकास पाठक पिंटू, अंकुर चंदेल, सचिन चौहान, अमरेंद्र सिंह,आशीष दीक्षित, हिमांशु पाठक, सभासद मुनि मिश्र, अभिषेक शुक्ला, अमित सिंह, प्रतीक सिंह के अलावा भारी संख्या में समाजसेवी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन सर्कुलर रोड स्थित पुष्पगिरी सभागार में हुआ।


ये विभूतियां हुई सम्मानित————

  • प्रो. आरबी द्विवेदी, पूर्व निदेशक-गुजरात आयुर्वेद वि.वि.
  • डॉ संजय सिंह, समाजसेवी
  • सुधा विद्यावाचस्पति, संस्थापिका-वेद मंदिर
  • डॉ श्वेता सिंह, पीएचडी-गोल्ड मेडलिस्ट
  • प्रशांत पाठक , पत्रकार -आज तक
  • पूनम तिवारी, वेटलिफ्टिंग कोच
  • आशीष सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता।