बांग्लादेश में आगामी आम चुनाव के लिए मुख्य राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज

बांग्लादेश में आगामी आम चुनाव के लिए मुख्य राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह चुनाव अगले साल दिसम्बर या 2024 में जनवरी में होंगे। मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी – बीएनपी और सत्ताधारी अवामी लीग ने अपनी ताकत के प्रदर्शन के लिए शनिवार को रैली का आयोजन किया। बीएनपी ने शेख हसीना सरकार के इस्तीफे की मांग की। एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के महासचिव मिर्जा फखरूल इस्लाम आलमगीर ने चुनावों से पहले संसद भंग कर कार्यवाहक सरकार के तहत चुनाव की मांग की। उन्होंने कहा कि बीएनपी के सांसद अपनी मांग के समर्थन में किसी भी समय संसद से त्यागपत्र देने के लिए तैयार हैं।

ढाका में कल आयोजित विशाल रैली में अवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कादर ने बीएनपी को चुनौती देते हुए कहा कि इस रैली में शामिल लोगों की संख्या को देखते हुए वह यह समझ जायें कि जन-समर्थन अवामी लीग के साथ है। बीएनपी को साम्प्रदायिक और हिंसक बताते हुए ओबैदुल कादर ने कहा कि बीएनपी के हाथों में लोकतंत्र, स्वतंत्रता और मुक्ति युद्ध सुरक्षित नहीं रहेगा।

गृहमंत्री असदुज्जमन खान कमाल ने कहा कि अवामी लीग जनादेश में विश्वास रखती है और जनता शेख हसीना को फिर से सत्ता में लाने के लिए वोट देगी। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि जब तक शेख हसीना देश का नेतृत्व कर रही हैं प्रगति और विकास जारी रहेगा और वे शांतिपूर्वक रह सकेंगे।