सिद्धान्त सिंह :
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कमिश्नरेट पुलिस के सुस्त रवैए से अधिवक्ता नाराज दिख रहे हैं। आपको बताते चलें कि लगभग 9 दिन पहले अधिवक्ता हमजा खान के भाई शोएब खान लापता हो गए थे, जिसके बाद शोएब खान के परिजनों ने उनको ढूंढने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लापता हुए शोएब के न मिलने पर कमिश्नरेट पुलिस के कैसरबाग थाने में गुमशुदगी लिखवाई गई। लेकिन 9 दिन बीतने के बाद भी कमिश्नरेट पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं।
अधिवक्ता हमजा खान के समर्थन में लखनऊ बार एसोसिएशन और समस्त अधिवक्तागण सामने आए हैं। इसी संबंध में आज लखनऊ बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र यादव जीतू और बड़ी संख्या में अधिवक्तागणों ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर पुलिस कमिश्नर से अधिवक्ता के भाई शोएब खान को जल्द सही सलामत ढूंढने की गुहार लगाई है। अधिवक्ता हमजा का आरोप है कि कमिश्नरेट पुलिस के ढीले-ढाले रवैये से वो काफी आहत है और साथ ही उन्हें डर है कि कहीं उनके भाई शोएब के साथ कोई अनहोनी ना हो जाए। वहीं गुमशुदा शोएब को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाते हुए जीतू यादव ने कहा कि अगर कल तक अधिवक्ता का भाई शोएब नहीं मिलता है तो विधानसभा के सामने समस्त अधिवक्तागण प्रदर्शन करने को विवश होंगे।