दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण स्तर में सुधार होने तक सभी प्राइमरी स्कूलों को आज से बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार राजधानी में सम-विषम योजना लागू करने पर विचार कर रही है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिये त्वरित कार्रवाई की है। आयोग ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया था, जिसके अनुसार दिल्ली में ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। केवल आवश्यक वस्तुओं को ला रहे, जरूरी सेवाओं में लगे, सभी सीएनजी और विद्युत चालित ट्रकों को राजधानी में आने की अनुमति होगी। बीएस-6 के अलावा अन्य सभी डीजल चालित वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है।
आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उन सभी इलाकों के उद्योगों को बंद करने के निर्देश दिये हैं, जहां पर पीएनजी की आपूर्ति नहीं होती है। हालांकि दूध, डेरी उत्पाद, दवाओं और आवश्यक सेवाओं से जुडी यूनिटों को छूट दी गई है।
आयोग ने हाइवे, फ्लाईओवर, विद्युत पारेषण और पाइप लाइन परियोजनाओं पर रोक लगा दी है।
दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक, निगम और निजी कार्यालयों में पचास प्रतिशत क्षमता से साथ कार्य करने और अन्य सभी को वर्क फ्रॉम होम करने का परामर्श जारी किया गया है।