लखनऊ से प्रकाशित दैनिक राष्ट्रीय प्रस्तावना समाचार पत्र की जिले की महत्वपूर्ण बैठक ट्रीट रेस्टोरेन्ट में हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावना परिवार से जुड़े संरक्षक के रूप में सचिवालय विभाग से सेवानिवृत्त सचिव अनिल कुमार तिवारी रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सम्पादक हरिनाथ सिंह ने की। संचालन संस्थापक संरक्षक संजीव श्रीवास्तव ने किया। जिला प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। बैठक में मुख्य अतिथि ने जिले भर के सुदूर ग्रामीण अंचलो से आये हुए राष्ट्रीय प्रस्तावना के तहसील व ब्लाक मुख्यालयो के संवाददाताओ से परिचय प्राप्त किया।
बैठक के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि पत्रकारिता एक कांटो भरा ताज है। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारो की भूमिका अपने आप में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। ग्रामीण क्षेत्रों में जब ग्रामीण अपनी बात शासन-प्रशासन तक नहीं पहुँचा पाते हैं, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार ग्रामीणों की आवाज को जिम्मेदारों तक पहुँचाते हैं। इस दौरान उनको कई जोखिमों से भी जूझना पड़ता है। इसी कड़ी में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रस्तावना जिस तरह से पुष्पित और पल्लवित होकर निरन्तर आगे बढ़ रहा है ऐसे में परिवार के सभी सदस्य को वो बधाई देते हैं। मुख्य अतिथि ने कहा कि सभी लोग इस पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहें और ग्रामीणों की समस्याओं को समाचार के माध्यम से जिम्मेदारों तक पूर्ण मनोयोग से पहुँचाते है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो शासन-प्रशासन स्तर से वह उन समस्याओं का निदान कराने के लिए तत्पर रहेंगे। बैठक में राष्ट्रीय प्रस्तावना की मासिक पत्रिका के सुनीत कुमार श्रीवास्तव समेत सभी कस्बों व तहसीलो के संवाददाता भी मौजूद रहे।