बेसिक शिक्षा के तहत अध्ययनरत छात्र छात्राओं को सुविधाएं प्रदान करने के लिए शासन प्रशासन की ओर से भले ही तमाम प्रबन्ध किये जाते हो लेकिन आज भी अधिकतर गांवों के प्राथमिक विद्यालयों में सुविधाओं का अभाव बना रहता है। ऐसे ही एक विद्यालय को सुविधाओं से युक्त करने का जिम्मा उठाया है हरदोई नगर से सटी ग्राम पंचायत नानकगंज ग्रंट की प्रधान ममता राठौर ने । जिन्होंने अपनी ग्रामसभा के मजरे पतलोइया में बने प्राथमिक विद्यालय में अपने निजी संसाधनों से रंग रोगन से लेकर आधुनिक शौचालय तक का निर्माण कराया है। बताते चलें कि कुछ दिनों पूर्व प्रधान ममता राठौर ने विद्यालय की रसोइयों की समस्याओं को दूर करने व गैस सिलेंडर देने का आश्वासन दिया था। बुधवार को उनके प्रतिनिधि पति विजय राठौर ने छात्रों का भोजन बनाने के लिए विद्यालय में काम करने वाली रसोइयों को गैस सिलेंडर प्रदान किया। रसोइयों को गैस सिलेंडर व चूल्हा प्रदान करने के दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य पवन मिश्रा व दिलीप मौजूद रहे।
गैस सिलेंडर व चूल्हा मिलने से खुश विद्यालय में तैनात रसोइयों ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व उन्होंने प्रधान से मिट्टी के चूल्हे पर भोजन बनाने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया था और उन्होंने जल्द ही गैस चूल्हा व सिलेंडर देने की बात कही थी और आज उन्होंने दोनों चीजें देकर उनको होली का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय निकलने वाले धुएं से विद्यालय की रंगाई पुताई तो खराब होती ही थी उनकी आँखों सहित उनके स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ता था। रसोइयों ने इस दौरान प्रधान ममता राठौर व प्रधानपति की खूब तारीफ की।
विद्यालय प्रधानाचार्य पवन मिश्रा ने कहा कि प्रधानपति छोटे बच्चों से बेहद लगाव रखते है इसलिए वह लगातार विद्यालय आते रहते है और विद्यालय की समस्याओं को पूछकर उनको दूर करने का प्रयास भी करते रहते है। श्री मिश्र ने कहा कि प्रधान व प्रधानपति की जागरूकता से उनके विद्यालय में आधुनिक शौचालय का निर्माण संभव हो सका है और आज उन्होंने विद्यालय में काम करने वाली रसोइयों को गैस सिलेंडर व चूल्हा देकर उनकी भी समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होने कहा कि यदि हर ग्रामसभा में प्रधान ऐसे ही निस्वार्थभाव से विद्यालय में सुविधाएं पंहुचाने व विकास कार्य कराने का संकल्प ले लें तो ग्रामीण इलाकों के बच्चों को शिक्षित करने की दिशा में शिक्षकों का यह सबसे बड़ा सहयोग होगा।
प्रधानपति विजय राठौर ने कहा कि ईश्वर का दिया उनके पास सब कुछ है इसलिए वह छोटे छोटे बच्चों के भविष्य के लिए वह जो कुछ भी कर सकते है करने का प्रयास करते है। उन्होंने कहा विद्यालय के बच्चों के चेहरे व गरीब रसोइयों के चेहरों पर खुशी देखकर उनको खुशी मिलती है जो दुनिया की हर दौलत से बढ़कर हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों में सुविधाओं को पंहुचाने के लिए दृढ़ संकलिप्त है और इसके लिए वह सरकारी सहायता मिलने का इंतजार नही कर अपनी सामर्थ्य अनुसार भी सहयोग देते रहते हैं।