राजधानी में पिछले कुछ दिनों से वायु गुणवत्ता में गिरावट को देखते हुए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति, ने लोगों को सलाह दी है कि वे खुले में शारीरिक गतिविधियां न करें। इसके अतिरिक्त सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलने में भी परहेज करें। बच्चे, बुजर्ग और बीमार व्यक्ति जितना संभव हो, घर पर ही रहें।
समिति ने कहा है दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार ए क्यू आई- चार सौ एक और चार सौ पचास के बीच बना हुआ है, जो वायु गुणवत्ता की गंभीर स्थिति को बताता है। समिति ने कहा है कि लोगों के सहयोग से दिल्ली की हवा को बेहतर किया जा सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, कोयले और लकड़ी को न जलायें और वाहनों के इंजनों को ठीक रखें।