हरदोई में प्रदेश के समाज कल्याण मन्त्री रमापति शास्त्री ने हरदोई और पिहानी में निकाय सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए भाजपा के पक्ष भारी मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव है लिहाजा कोई घोषणा नहीं कर सकते। लेकिन, चुनाव बाद उनके विभाग की जो भी योजनाएं हैं उनका ज़्यादा से ज़्यादा लाभ हरदोई को दिया जाएगा।हरदोई में नारायण धाम में आयोजित निकाय सम्मेलन में रमापति शास्त्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश और योगी की अगुवाई में उत्तर प्रदेश नए नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। निकायों में भाजपा के प्रत्याशी जीत कर पहुंचेंगे तो सोने पे सुहागा हो जाएगा। भाजपा शासित निकायों का भेदभाव रहित सर्वांगीण विकास होगा। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं हासिल होंगी। शास्त्री ने कार्यकर्ताओं से कहा, 22 नवम्बर तक सभी पारुल दीक्षित बन चुनाव लड़ें और परिवर्तन के वाहक बनें।पूर्व मन्त्री डॉ0 अशोक बाजपेई ने कहा कि विपक्षी बेहद तिकड़मबाज है। लिहाजा सजग रहने की ज़रूरत है। मतदाताओं को भ्रमित नहीं होने दें। लगातार लोगों के बीच रहें और पारुल दीक्षित की भावी विजय के मायने बताएं। कहा, मोदी सरकार ने देश का मान दुनिया में बढ़ाया है। योगी सरकार लगातार जनहित के काम कर रही है। निकायों में भी भाजपा के प्रतिनिधि होंगे तो प्रदेश में सरकार होने के नाते विकास कार्यक्रम तेजी से संचालित किए जा सकेंगे। विधायक रजनी तिवारी ने कहा कि महिला कार्यकर्ता महिलाओं के बीच लगातार रहें और भाजपा प्रत्याशी पारुल दीक्षित की बेदाग छवि को उनके सामने रखें। बताएं कि पारुल जीतेंगे तो बुनियादी सुविधाएं अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पारुल दीक्षित ने कहा कि जनता ने अवसर दिया तो कभी शिकायत का मौका नहीं देंगे। ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे पार्टी और कार्यकर्ताओं को तकलीफ़ हो। सबके मान-सम्मान की रक्षा करेंगे।वही भाजपा विधायक रजनी तिवारी के द्वारा फिल्म पद्मावती को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि वह फिल्म के मामले में भाजपा विधायक की राय से इत्तफाक नही रखते।