‘नशामुक्त समाज’ को लेकर समाजसेवी ने छेड़ी मुहिम, नशे से दूर रहने को खिलाते कसम

कछौना(हरदोई)। विकासखण्ड कछौना की ग्राम पंचायत पुरवा में समस्त ग्रामवासियों व ग्राम प्रधान छविनाथ मौर्य के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शुक्रवार को पहुंचे नशे के विरुद्ध अभियान छेड़ने वाले कछौना के प्रमुख समाजसेवी व ‘गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन’ के संस्थापक डॉ० नृपेन्द्र वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को नशे के दुष्प्रभावों से बचने के लिए हाथ उठवाकर नशे से मुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया।

उन्होंने बताया कि वो नशामुक्त समाज के निर्माण में लोगों को नशे से दूर रहने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। क्षेत्र में कहीं भी आयोजित किसी भी कार्यक्रम में पहुंचकर वो उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हैं।

डॉ० नृपेन्द्र ने कहा कि नशा करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ इसका दुष्प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। नशामुक्त समाज की स्थापना के लिए हम सभी को एक साथ मिलकर कदम उठाने होंगे तभी यह मुहिम सार्थक हो पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत जल्द ही नशामुक्ति अभियान को लेकर कछौना में एक वृहद स्तर पर कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं इस अवसर पर गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० काजल वर्मा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निशांत मौर्य व सैकड़ों ग्रामवासी आदि मौजूद रहे।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ