डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

सर्च अभियान मे मिला डेंगू का लार्वा, 10 घरों के स्वामियों को जारी की गई नोटिस, हुआ एन्टी लार्वा का छिड़काव

कछौना (हरदोई): बेमौसम बारिश की वजह से संक्रामक बीमारी तेजी से फैल रही है। कस्बे से लेकर गांव-गांव में बुखार, टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग व नगर पंचायत की संयुक्त टीम घर-घर जाकर आकर जागरुकता अभियान चला रही है। व्यक्तिगत सफाई पर विशेष ध्यान रखने की अपील कर रही है। घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। संभावित मरीज का ब्लड सैंपल लेकर स्लाइड से बुखार की जांच कर रहे हैं।

नगर पंचायत कछौना पतसेनी के रेलवेगजं पश्चिमी वार्ड में कई लोग डेंगू बुखार से प्रभावित हैं। मोहल्लेवासी, सभासद प्रतिनिधि नवनीत कुमार, शिवम् मिश्रा, आशुतोष, प्रदीप कुमार ने अधिशाषी अधिकारी रामबदन यादव को अवगत कराया कि मोहल्ले में खाली पड़े प्लाट में कूड़ा व जलभराव की मुख्य समस्या है। हथौडा मार्ग पर नाले के निर्माण की नितांत आवश्यकता है जिससे मोहल्ले में जल निकासी की समस्या न हो।

अधिशाषी अधिकारी ने सफाई नायक को सफाई व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। नालियों की विधिवत सफाई कराई जाये। खाली प्लाट में जलभराव को पम्पिंग सेट से जल निकासी की व्यवस्था कराई। मोहल्ले में एन्टी लार्वा का छिड़काव व फागिंग करायी। सीएचसी से आये स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर घरों में रखे फ्रिज की पीछे ट्राली को साफ कराया क्योंकि इस साफ पानी में डेंगू का मच्छर तेजी से फैलता है। छतों पर रखे खाली गमले व टायर्स में जलभराव को साफ कराया। फ्रिज की ट्रे की सफाई के दौरान कई घरों में डेंगू का लार्वा निकला। दस भवन स्वामियों को गन्दगी व जलभराव पर नोटिस जारी की गयी। डेंगू लार्वा के सोर्स रिडक्शन कार्य किया गया।

इस अभियान में अधिशाषी अधिकारी रामबदन यादव, लिपिक जयबहादुर सिंह, सभासद प्रतिनिधि विनीत लाला, स्वास्थ्यकर्मी जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार, एम.आई. विकास कुमार सिंह, स्वास्थ्य टीम, नगर पंचायतकर्मी विकास मिश्रा, संतोष कुमार सहित सफाई नायक ने डेंगू के खिलाफ अभियान चलाया।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता