आज समूचे उत्तर प्रदेश में सरस्वती पूजा और बसंत पंचमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा और पारम्परिक उत्साह के साथ मनाया गया । आज इलाहाबाद में माघ मेले के चौथे स्नान के दिन करीब 75 लाख लोगों ने गंगा, यमुना और अदृष्य सरस्वती के संगम पर डुबकी लगाई ।
ठंडे और कोहरे के बावजूद श्रद्धालु भोर से ही संगम के घाटों पर पहुंचने शुरू हो गए थे । स्नान ध्यान यह सिलिसला देर शाम तक जारी रहा । आज के स्नान पर्व के साथ ही मेला क्षेत्र से साधु-संतों का प्रस्थान शुरू हो गया है । आज ज्ञान और चेतना की देवी सरस्वती का श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चन किया । मथुरा सहित पूरे राज्य में आज से ही होली का भी उत्सव शुरू हो गया है । पूरे राज्य में इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं ।