319 अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में ग्राम पंचायत के स्तर से एलईडी टीवी लगवाई गयी :- जिलाधिकारी
गत 04 मार्च 2020 को राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित बेसिक शिक्षा के राष्ट्रीय सेमिनार एवं सीएसआर कानक्लेव में जिलाधिकारी पुलकित खरे को बेसिक शिक्षा में शुरू किये गये अपने अभिनव प्रयासों को साझा करने को कहा तथा बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा नए आयामों के माध्यम से निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है।
कॉनक्लेव में आये प्रदेश भर के शिक्षा विभाग के अधिकारियों को श्री खरे ने बताया कि हरदोई जिले में 319 अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में ग्राम पंचायत के स्तर से एलईडी टीवी लगवाई गयी है, जिससे सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित किये जा रहे है।
जिलाधिकारी के इस प्रयास को प्रदेश में सराहा गया तथा अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा रेणुका कुमार ने श्री खरे की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रयोग को पूरे प्रदेश में लागू किया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अभिपव प्रयोगों के अन्तर्गत निजी एवं परिषदीय विद्यालय में पारस्परिक संबंध स्थापित करते हुए निजी विद्यालयों को 1-1 परिषदीय विद्यालय गोद देकर सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को दोनों के बच्चों को एक साथ लाकर आपसी वैचारिक आदान प्रदान कराया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन करके निजी एवं परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को एक दूसरे की संस्कृति को समझने का अवसर प्रदान किया गया।
उन्होने बताया कि विधायक गणों द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में 10-10 विद्यालयों को फर्नीचर भी प्रदान किया गया है और मिशन कायाकल्प के अंतर्गत जनपद के 300 से अधिक विद्यालयों में एमडीएम किचेन शेड का निर्माण एवं उनका प्रयोग सुनिश्चित कराया गया तथा जनपद में प्रथमवार प्रकाशित हुई सोपान पत्रिका प्रदेश में वृहद स्तर पर एक प्रेरणा के रूप में प्रशंसनीय रही है और सामाजिक एवं पर्यावरण समझ विकसित करने के लिए शैक्षिक भ्रमण कराकर बच्चों को निरंतर प्रेरित किया जा रहा हैं । जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ किया गया एवं सभी विद्यालयों में भी इस दिशा में काफी प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय सेमिनार एवं सीएसआर कानक्लेव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा, शिक्षा मंत्री डा0 सतीश चन्द्र द्विवेदी, नीति आयोग के सलाहकर आलोक कुमार, अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा रेणुका कुमार, सचिव बेसिक शिक्षा संजय गोयल, महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनन्द, एससीआरटी निदेशक सर्वेद्र बहादुर विक्रम सिंह तथा विभिन्न जिलों से आये जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व एआरपी उपस्थित रहे।