● 04 नवम्बर को आयोजित होने वाले गो-महोत्सव एवं गोपूजन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर ।
बदायूँ : श्रीमद ब्रह्मदत्त गौशाला, बदायूँ के तत्वावधान में गोपाष्टमी के पावन पर्व (04 नवम्बर) पर आयोजित षष्ठ गोमहोत्सव एवं गोपूजन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। गोशाला समिति से जुड़े सभी पदाधिकारियों सहित शहर के अनेक समाजसेवी संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं के निरन्तर प्रयास से गोमहोत्सव में अधिक से अधिक गोप्रेमियों को आमंत्रित करने हेतु सम्पर्क किया जा रहा है।
संस्था के सचिव सचिन भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में बच्चों के अंदर गोप्रेम और गाय के प्रति श्रद्धा और भक्ति भाव की जागरूकता के उद्देश्य से ब्रह्मदत्त गोशाला द्वारा गोज्ञानवर्धन-प्रतियोगिता करवायी जा रही है। जिसमें लगभग 25 विद्यालय के 2500 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। सभी विद्यालयों में प्रतियोगिताए 03 नवम्बर तक सम्पन्न होंगी। सभी प्रतियोगिताएं युवा मंच संगठन के संस्थापक ध्रुव देव गुप्ता एवं उनकी टीम के सहयोग से पूर्ण जो रही हैं। आज प्रथम दिवस पर केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज , सिंग्लर इंटर कॉलेज आदि विद्यालयों में परीक्षाएं सम्पन्न कराई गयीं।
यहां बता दें कि 04 नवम्बर को ब्रह्मदत्त गोशाला में छठा गो-महोत्सव एवं गोपूजन कार्यक्रम् का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें गोरक्षार्थ विशाल यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात युवा मंच के सहयोग से गोमाता के ऊपर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी घरों में या सामूहिक स्थानों पर गाय पालने वाले 151 गोपालकों को गोपालक सम्मान से सम्मानीय किया जाएगा। इसी स्थल पर सैकड़ों गायों का पूजन एवं गौ की आरती भी सम्पन्न होगी। अंत में गायत्री परिवार द्वारा तैयार गोज्ञान विज्ञान नाम से एक लघु फ़िल्म विशाल पर्दे पर दिखाई जाएगी । साथ ही सभी गोप्रेमियों के लिए भोजन (प्रसाद) वितरण किया जाएगा।
सभी गोप्रेमी परिवार सहित 04 नवम्बर को ब्रह्मदत्त गोशाला में गोमहोत्सव एवं गोपूजन कार्यक्रम में पहुंचकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।