कछौना हरदोई – ग्राम स्वराज अभियान के तहत रात्रि प्रवास एवं चौपाल में मंत्री मोहसिन रजा के सामने ग्रामीणों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। यह रात्रि प्रवास एवं चौपाल कार्यक्रम विकासखंड कछौना की ग्रामसभा खजोना में मंगलवार की रात आयोजित किया गया। जिसमें मंत्री ने कहा सरकार की मंशा है, सबका साथ सबका विकास है, यह पहली सरकार है जो जनता की समस्याओं से रूबरू होने के लिए आम जनमानस के द्वार पहुंच रही है। आजादी के बाद ऐसा कुछ भी पूर्ववर्ती सरकारों नहीं दिया। जिससे गर्व किया जा सके। हमें केवल वोट देने के लिए प्रयोग किया गया। हमारी सरकार की इच्छाशक्ति है, अल्पसंख्यकों मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। हमारा देश सोने की चिड़िया था। वह चिड़िया आखिर कहां उड़ गई। मदरसों की स्थिति काफी खराब है। इनका आधुनिकरण होना चाहिए। धार्मिक शिक्षा के साथ सामाजिक शिक्षा भी होनी चाहिए। हमारी सरकार योजनाओं को ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ लागू कर रही है। जिससे अंतिम व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। बिचौलिया का रोल खत्म हो चुका है। योजना का लाभ सीधे आपके खाते में आ रहा है। बड़ी विडंबना है, पिछली सरकारों ने महिलाओं के सम्मान का ध्यान नहीं रखा, वह मजबूरी में खुले में शौच जाने को विवश थी। महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए प्रत्येक घर में शौचालय बनवाने का कार्य किया। उज्जवला जैसी योजना से लाभान्वित कर चूल्हे के धुएं से मुक्त कराया।
ग्रामीणों की शिकायत पर काफी नाराजगी जताई। ग्रामीण रामसेवक पुत्र हंसराज ने बताया पूर्व प्रधान ने प्रधानमंत्री आवास योजना में ₹15000 की अवैध वसूली की है। जिससे उसका आवास पूर्ण नहीं हो सका है। जिस पर मंत्री जी ने तत्काल दोषी प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया। चौपाल में मिशन इंद्रधनुष, स्वच्छ भारत मिशन, उज्जवला, सौभाग्य, जन धन योजना की समीक्षा की, मंत्री जी ने कहा रात्रि चौपाल व प्रवास का मकसद सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से जन-जन तक पहुंचाना है। जिससे अंतिम व्यक्ति तक को योजना का लाभ मिल सके। वह समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। यह कार्यक्रम रात भर चलता रहा। देर रात विद्यालय परिसर में प्रशासनिक अमला व कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। सुबह गांव में स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाई।
इस चौपाल में उपजिला अधिकारी आशीष सिंह, तहसीलदार पंकज सक्सेना, जिला पंचायत राज अधिकारी पी०डी०, क्षेत्राधिकारी हरियावां शैलेंद्र सिंह राठौर, विद्युत उपखंड अधिकारी अवरअभियंता मुकेश राय, प्रभारी निरीक्षक जीतेंद्र मोहन सरोज, खंडविकास अधिकारी पी०एन०यादव व ग्राम प्रधान पति सतनू मियां, भाजपा के पदाधिकारी कर्मवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष ब्रह्मकुमार सिंह, मंडल महामंत्री नवीन पटेल, अनूप दीक्षित, डॉक्टर आशीष गुप्ता, सत्यप्रकाश अस्थाना, मोहम्मद नईम, प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, सहित सैकड़ों की संख्या में पुरुष महिलाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने खजोहना पुल से ग्राम ताजपुर सड़क की गड्डा व जर्जर दुर्दशा के बारे में अवगत कराया। जिस पर मंत्री जी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद से हल कराने की बात कही। वही सैकड़ों ग्रामीणों ने आवारा पशुओं से फसल नुकसान होने के बारे में अवगत कराया। जिस पर उन्होंने पशु आश्रम स्थल शीघ्र खुलवाने की बात कही। ग्रामीणों ने मदरसों में हैंड पंप लगवाने की मांग की, सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की, जिस पर मंत्री जी ने खंडविकास अधिकारी पी०एन० यादव को निर्देशित किया। झोपड़पट्टी में रहने वाले परिवारों की सूची तैयार करके उन्हें आवास का लाभ दिलाने का कार्य करें। ग्रामीणों ने बताया विद्युत लाइन काफी जर्जर है, जिसके चलते तार टूटने से आए दिन कोई न कोई हादसा होता है। जिस पर उपखंड अधिकारी को तत्काल एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजने कों निर्देश दिया। उन्होंने कहा रोजा अफ्तार में विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगी। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन की मांग पर गांव में कैंप आयोजित कर लाभ देने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। ग्रामीणों ने बताया, ग्राम सभा में शौचालय का लाभ न मिल पाने के कारण ग्रामीणों को खुले में शौच जाना पड़ता है। जिस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया बेसलाइन सूची के अंतर्गत 440 परिवारों को चिन्हित कर शौचालय का मांग पत्र विभाग को भेज दिया गया। धन राशि निर्गत होने पर तत्काल निर्माण कार्य करा दिए जाएंगे। ग्रामीणों ने बताया पशु चिकित्सा अधिकारी गांव कभी नहीं आते हैं व सूचना देने पर भी नहीं आते हैं।
रिपोर्ट: पी०डी० गुप्ता