हरपालपुर(हरदोई)- अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव में बस के नीचे सो रहे हापुड़ जनपद निवासी कंडक्टर की बस के नीचे कुचल कर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव से मेरठ जिले की एक प्राइवेट बस हर रोज दिल्ली जाती है। बुधवार की सुबह यह बस दिल्ली से चलकर श्रीमऊ पहुंची थी। बस खड़ी करके चालक कहीं चला गया। वही बस कंडक्टर शाहरुख 20 वर्ष पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ग्राम अरसेनी थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ बस के पिछले हिस्से के नीचे जमीन पर सो गया।इस बीच इसी गांव का निवासी तथा शाहरुख का बहनोई बस चालक महबूब पुत्र फैयाज ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। जिससे बस के नीचे सो रहे शाहरुख की बस के नीचे कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक शाहरुख अविवाहित था। उसके मां-बाप की उसकी छोटी उम्र में ही मृत्यु हो गई थी। दो वर्ष की अवस्था से शाहरुख अपने बहनोई महबूब के साथ ही रहता था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अरवल एसओ.बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।