चचेरे देवरों ने भाभी के साथ की धोखाधड़ी, कूटरचित हस्ताक्षर कर निकाले रुपये

हरदोई। नगर के मोहल्ला राधानगर निवासी महिला सोनी मिश्रा पत्नी नवीन कुमार ने अपने पति के चचेरे भाइयों पर धोखाधड़ी करके बैंक से रुपए निकालने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बतातें चलें कि सोमवार को नगर के मोहल्ला राधानगर निवासी सोनी मिश्रा पत्नी नवीन कुमार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। महिला ने बताया कि उसके पति के चचेरे भाई सपन और तपन अवस्थी ने उसके बैंक के खाते से कूटरचित हस्ताक्षर बनाकर धन निकाल लिया। महिला ने बताया कि उसके पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह सरायथोक पूर्वी निवासी पति के चचेरे भाई सपन अवस्थी व तपन अवस्थी पुत्र स्वर्गीय ध्रुव कुमार अवस्थी के घर पर रहती थी। सपन व तपन ने उसके साथ विश्वासघात किया है। 

महिला ने बताया कि सपन ने उससे कहा कि वह मकान पर लोन लेना चाहता है और उसका भी मकान में तीसरा हिस्सा दिखा दिया। महिला ने बताया कि सपन व तपन ने कहा कि लोन के लिए उसकी गवाही चाहिए होगी क्योंकि वह यहां पर रहती है। जब मकान पर लोन हो जाएगा तब आप भी एक प्लॉट ले सकती हैं और घर बनवा सकती हैं। महिला के अनुसार सपन ने उससे कहा कि वह प्रॉपर्टी डीलर अभय मिश्रा से उसे प्लाट दिला देगा। इसके बाद फिर मुझसे प्लाट दिलाने के लिए 50 हजार रुपये और फिर 1 महीने के बाद एक लाख रुपये देने के लिए कहा। 

महिला सोनी ने बताया कि इसके अगले दिन सपन अवस्थी उसे आर्यावर्त बैंक, शाखा जगदीशपुर, बावन लेकर गया और नकली दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर कराकर अपना मोबाइल नंबर डाल दिया। महिला सोनी के अनुसार दोनों ने बैंककर्मी से मिलकर यह सारे काम किये और उसका जीएसटी रजिस्ट्रेशन भी उसे बिना बताए करवाकर उसमें भी सपन अवस्थी ने अपना नंबर डलवाया ताकि उसे कोई भी जानकारी ना मिल सके। महिला सोनी ने आगे बताया कि लोन के रुपये भी सपन अवस्थी ने अपने भाई तपन अवस्थी के खाते में ट्रांसफर करवा दिये। जब उसे इस बात का पता चला तो उसने ऐतराज किया। जब उसने एतराज किया तो दोनों गंदी-गंदी गालियां देकर मारपीट पर आमादा हो गये और उसे घर से निकाल दिया। अब वह अब किराये के मकान में रह रही है। 

महिला सोनी के अनुसार जब उसने अपने साथ घटी घटना के बारे में परिचितों व रिश्तेदारों को बताया तो सपन ने परिवार के दबाव में 45000 रुपए उसके बैंक खाते में जमा तो कर दिये पर उसी दिन उसके जाली हस्ताक्षर बनाकर बैंककर्मी की मदद से निकाल भी लिए। महिला ने कहा कि सपन व तपन अवस्थी से उसे व उसके बच्चों को जान का खतरा है क्योंकि सपन अवस्थी ने उसे धमकी दी थी कि उसे गोली मरवा देगा। पीड़िता सोनी मिश्रा ने एसपी से शिकायतकर पूरे मामले की जांच कराकर लोन व लोन का ब्याज चुकाने तथा धोखाधड़ी कर हड़पे गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।