हरपालपुर : कटरा-बिल्हौर हाईवे पर बरसोहिया गांव के करीब रविवार की देर शाम बाइक से अपने घर जा रहे चकबंदी लेखपाल को बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। लेखपाल के पास से छह सौ रुपये, बैग मोबाइल, बैंक एटीएम कार्ड लूटकर फरार हो गए। सोमवार की सुबह लूटे गए बैग में रखे कपड़े वाले कागजात हाईवे के किनारे पड़े मिले।
जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी नरेंद्र पाल सिंह हरपालपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर इलाके में चकबंदी लेखपाल के पद पर तैनात हैं। रविवार की देर शाम वह ड्यूटी कर अपनी बाइक से घर जा रहे थे। तभी बरसोहिया गांव के करीब बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसके पास से छह सौ रुपए, बैंक एटीएम कार्ड, मोबाइल, कपड़े व कागजातों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। सुबह लूट के शिकार लेखपाल ने थाने पर तहरीर दी। हरपालपुर क्षेत्र मे एक ही दिन मे दो लूट की घटनाओं से दहशत फैल गई। दोनों लूट की घटनाओं में इन्ही बदमाशों के शामिल होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। लूट में शामिल तीनों बदमाश काली अपाचे बाइक पर सवार थे। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने लुटेरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।