बैंकों के बाहर लग रही बड़ी भीड़ कोरोना विस्फोट को दे रही दावत

नगर स्थित अधिकांश बैंक शाखाओं के एटीएम बने शोपीस
ग्राहक सेवा केंद्र संचालक लोगों से जमकर कर रहे अवैध वसूली

कछौना (हरदोई) : नगर कछौना में स्थित अधिकांश बैंक शाखाओं के लगे एटीएम इस कोरोना काल में शोपीस बने हुए हैं। एटीएम सुविधा प्रभावी न होने के कारण बैंकों के बाहर काफी भीड़ लगी रहती है, जहां पर कोविड-19 गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वहीं शादी बरात की साहलक होने, दैनिक जरूरत को पूरा करने के लिए व सरकारी योजनाओं, पेंशन, कृषि कार्य हेतु पैसे निकालने के लिए व प्रधानमंत्री किसान सम्मान धनराशि निकालने के लिए बैंकों के बाहर भारी हुजूम लग रहा है। जिससे कोविड-19 संक्रमण फैलने की प्रबल संभावना बनी रहती है। वहीं अंगूठा लगाकर ग्राहक सेवा केंद्र पैसे निकालने के नाम पर ग्राहकों से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। मजबूरी में ग्राहक इनको अतिरिक्त धन देने को विवश है।

सरकार की प्रभावी योजनाओं का सही क्रियान्वयन न होने के कारण आम जनमानस काफी प्रभावित है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राहक सेवा केंद्र गांव में न चलाकर संचालक कस्बे में इन ग्राहक सेवा केंद्रों को संचालित कर रहे हैं। पूरे मामले की शिकायत जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी से की है।

बैंकों के बाहर कोविड-19 गाइडलाइन तार-तार होती नजर आ रही है। ग्रामीण इलाकों में बैंकों के बाहर भारी भीड़ के कारण संक्रमण का खतरा बन रहा है। 14 मई को किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान योजना की आखिरी किस्त आने के बाद से बैंकों के बाहर लोगों का सैलाब उमड़ रहा है। यह भीड़ बैंक कर्मियों के साथ ग्रामीण इलाकों के लिए घातक साबित हो रही है। कहीं यह बैंकों के बाहर लगी भीड़ कोरोना विस्फोट का कारण न बन जाए। बैंक कर्मियों की हालत को देखते हुए इन्हें कोरोना फाइटर्स घोषित किया जाए। बैंक कर्मियों की मांग है कि कोरोना फ्रन्ट लाइन की सुविधाएं दी जाएं तथा ग्रामीणों को उनके गांव में ही बैंकिंग की सुविधा का लाभ दिया जाए। जिससे कस्बे में ज्यादा भीड़ न लगे।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता