गौरीगंज, अमेठी। जिले के जामो थाना क्षेत्र के भीमगढ़ के पास मृत अवस्था में एक दुर्लभ प्रजाति के हिरण का शव ग्रामीणों ने देखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को दी गयी। सूचना मिलने पर दोनों विभागो के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे।
वन विभाग के दारोगा उत्कर्ष तिवारी और बीट प्रभारी पारसनाथ द्विवेदी ने औपचारिकता पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय जामो भेजा। जहां अधीक्षक उमाकांत सिंह ने हिरण के शव का पोस्टमार्टम किया। फिलहाल इस क्षेत्र में हिरण कैसे आया यह जानकारी नहीं मिल पा रही है। लोगों का मानना है कि किसी जंगली क्षेत्र से भटक कर यह यहां पहुंचा होगा। हिरण के पीछे का कुछ भाग नोचा गया था। जिससे लगता है कि जंगल से भटक कर आए इस हिरण को कुत्तों ने क्षति पहुंचायी होगी। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। फिलहाल जामो थाना क्षेत्र से ही जहां पहले सारस की चर्चा थी वहीं आज हिरण के शव को लेकर तरह तरह की चर्चाएं जारी हैं।