दिल्ली के उपमुख्यमन्त्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आज नगर निगम चुनावों के लिए पार्टी का थीम सॉन्ग ”जनता की तैयारी है, केजरीवाल की बारी है” का प्रमोचन किया। इस अवसर पर श्री सिसोदिया ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखना नगर निगम का मूल काम था, लेकिन पिछले 17 वर्षों में यह इस कार्य में पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा इसलिए दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि यदि प्रदेश को साफ रखना है तो आम आदमी पार्टी को निगम चुनाव में विजयी बनाना होगा।
उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भी निगम चुनाव के लिए पार्टी का थीम सॉन्ग ”बीजेपी का मतलब सेवा है” लॉन्च किया। इस मौके पर श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी के द्वारा गाये इस गीत में शहर में वायु प्रदूषण, मैली यमुना और शराब घोटाले को दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त इस गीत में प्रदेश भाजपा और नगर निगम द्वारा कोविड काल में की गई सेवा और अन्य कल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया गया है।