डीएम शुभ्रा सक्सेना ने नगरीय निकाय चुनाव में 22 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने को लिए निर्णय
हरदोई- नगरीय निकाय सामान्य चुनाव के मतदान को शांति पूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिले के 13 नगर निकायों को 20 जोन एवं 48 सेक्टर में बांटा गया है। जिनमें अधिकारियों को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम शुभ्रा सक्सेना ने नगरीय निकाय चुनाव में 22 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों को जोन एवं सेक्टर में विभक्त किया है। उन्होंने जोन एवं सेक्टर वार अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। नगर पालिका परिषदों को 2 जोन एवं नगर पंचायत को 1 जोन में रखा गया है।बताया गया कि नगर पालिका परिषद बिलग्राम में 5, मल्लावां में 6, सांडी, पिहानी एवं संडीला में 4-4, शाहाबाद में 6 और नगर पालिका परिषद हरदोई में 7 सेक्टर बनाए गए हैं। जबकि सभी नगर पंचायतों को 2-2 सेक्टर में विभक्त किया गया है। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में मतदान को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई करेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जल्द ही जोन एवं सेक्टर में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा करा लिया जाएगा।