जिला निर्वाचन अधिकारी नगरीय निकाय/जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र के साथ आज तहसील शाहाबाद में नगर पालिका परिषद शाहाबाद एवं पिहानी के हो रहे अध्यक्ष एवं सभासदों के नामांकन का जायजा लिया। उन्होंने उप जिलाधिकारी ओ0पी0गुप्ता को निर्देश दिये कि आज नामांकन का अन्तिम दिन है और निर्धारित समय 03 बजे के बाद किसी का भी नामांकन पत्र दाखिल न किया जाये तथा एक प्रत्याशी के साथ 04 व्यक्ति ही नामांकन कक्ष में प्रवेश करेंगे और नामांकन के दौरान किसी भी प्रकार की भीड़ आदि एकत्र न होने दी जाये।
उन्होंने तहसील में अनावश्यक लोगों की भीड़ देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुये सीओ शाहाबाद को कड़े निर्देश दिये कि नामंाकन के दौरान तहसील परिसर एवं उसके आस-पास किसी प्रकार की अनावश्यक व्यक्तियों को जमा न होने दें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी शाहाबाद को निर्देश दिये कि बिना पूर्वानुमति के नगर क्षेत्र में किसी भी प्रत्याशी द्वारा रैली, जनसभा आदि न होने दी जाये तथा आचार संहिता का पालन शतप्रतिशत कराया जाये और आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्वाचन के दौरान क्षेत्र में अपराधियों एवं आसामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाये और किसी भी दशा में आचार संहिता का उल्लंघन न होने दें।