धूमधाम से मनायी गयी आम्बेडकर जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

कछौना (हरदोई)– स्थानीय नगर व विकासखण्ड कछौना के कई गांवों में शुक्रवार को ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ० ‘भीमराव रामजी अंबेडकर’ की 132वीं जयंती धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनकी कृतियों व कृतित्व को याद किया।

इसी क्रम में कछौना नगर में तारा मार्केट के निकट स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, कछौना भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, भाजपा हरदोई के लघु उद्योग प्रकोष्ठ के संयोजक पंकज शुक्ला, पूर्व चेयरमैन पति व कछौना बाजार मालिक जगदीश गुप्ता सहित वारिस मियां आदि ने स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भाजपा नेता सलिल दीक्षित ने बाबा साहेब को पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। कछौना क्षेत्र के ग्राम दीननगर, उचौली (हथौड़ा), कलौली, गोठवा (गाजू), पहावां (हथौड़ा) आदि गांवों में भी आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने बाबा साहेब की जयंती पर उन्हें याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

वहीं ग्राम पंचायत गाजू के मजरा गोठवा में बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कछौना के प्रमुख समाजसेवी व ‘गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन’ के संस्थापक डॉ० नृपेंद्र वर्मा ने वहां उपस्थित जनसमूह के साथ डॉ० बी.आर.अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनके योगदान को याद किया। डॉ० नृपेन्द्र वर्मा ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक समरसता व न्याय का एक अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत किया है। आज हम सभी को उनके बताए रास्ते पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी। इसी के साथ ही उन्होंने वहां उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने, नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाते हुए समाज को नशामुक्त बनाने की भी अपील की।

उन्होंने बताया कि उनकी संस्था गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन के माध्यम से अनेक सामाजिक कार्य किए जाते हैं। कभी किसी गरीब परिवार की मदद के लिए वो सदैव तत्पर हैं। कार्यक्रम में उपस्थित कछौना प्रथम (65) से जिला पंचायत सदस्य विजय वर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को बाबा साहेब के बारे में बताते हुए उनके जीवन वृत्तांत पर चर्चा की। गोठवा गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में अशर्फी लाल वर्मा, शिवशंकर, छोटे, नरेन्द्र वर्मा, नंदू, सुनील, रमेश सहित कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ