अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पाकिस्तान के जनक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर भाजपा सांसद सतीश गौतम द्वारा कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को लिखे पत्र के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। एएमयू के पूर्व मीडिया सलाहकार डॉ. जसीम मोहम्मद ने सांसद गौतम को खुला पत्र लिखा है। कहा कि सांसद ने सुर्खियां बटोरने को जिन्ना के नाम का सहारा लिया। पत्र में सांसद की तीखी आलोचना भी की गई है।
डॉ. जसीम ने कहा है कि आपने कुलपति प्रो. तारिक मंसूर से छात्रसंघ भवन में पाकिस्तान के राष्ट्रपिता मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर लगने के औचित्य पर सवाल किया है। आज से पहले भी ऐसे सवाल उठते रहे हैं। एएमयू ने हालांकि अभी पत्र न मिलने की बात कही है। डॉ. जसीम ने चुटकी लेते हुए कहा है कि कोई बात नहीं है, आप सांसद हैं और आपने पहले ही ये बात मीडिया को बता दी होगी।
एक सभ्य नेता को सुर्खियों की जरूरत भी होती है। आप एएमयू कोर्ट के सदस्य हैं। चार साल के दौरान आपको सभ्य तरीके से कोर्ट की बैठक में जिन्ना की तस्वीर या जो आपको लगता है प्रश्न रखने चाहिए थे, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। अब आप सस्ती लोकप्रियता और अखबारबाजी के लिए ये सब कर रहे हैं। पत्र में लिखा है कि आप ऐसा कोई काम न करें, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव को ठेस पहुंचे। पाकिस्तान की स्थापना की मंत्रणा अलीगढ़ में हुई है, इसको आप मिटा नहीं सकते।