पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले दो व्यक्तियों को किया गिरफ्तार

आबकारी विभाग व पुलिस टीम ने पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र के आदेश पर व क्षेत्राधिकारी संडीला के पर्वेक्षण में अवैध शराब के काले कारोबार को रोकने का अभिरान छेड़ा हुआ है । अवैध शराब के ख़िलाफ़ चलाये जा रहे अभियान में कासिमपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया के द्वारा गौसगंज चौकी प्रभारी व उप निरीक्षक राजपाल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी है । गठित टीम में कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र पांडे, कांस्टेबल पुरूषोत्तम वर्मा, कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल हैं ।

मुखबिर से सूचना मिली कि कासिमपुर थाना क्षेत्र के कहली गांव में अजय कुमार गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता पुत्रगण देवेन्द्र कुमार गुप्ता व सौरभ उर्फ विक्की पुत्र गोविंद निवासी कहली देशी शराब की लाइसेंस धारक विक्रेता सुमन सक्सेना की मिलीभगत से अपने घर पर शराब की शीशी को खोलकर व उसमें पानी मिलाकर जल मिश्रित शराब बना रहे हैं । मुखबिर से सूचना मिलने पर संडीला के क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक दिलीप कुमार को फोन के जरिये सूचना दी गई । इस पर आबकारी निरीक्षक मय हमराही आबकारी आरक्षी उमेश कुमार सिंह के साथ मुखबिर को तत्काल साथ में लेकर कासिमपुर थाना क्षेत्र के कहली गांव में बताये गये स्थान अजय कुमार के घर पर दबिश दी । टीम ने मौके से तीन व्यक्तियों को देशी शराब की शीशियों को खोलकर उसमें रखी डिस्टलरी निर्मित शराब में पानी मिलाते पकड़ लिया । पुलिस को दो जरीकैन में पानी मिली शराब मिली जिसे तैयार कर पुनः डिस्टलरी निर्मित शराब की शीशियों में भरकर डुप्लीकेट ढक्कन लगाकर दूकान में पहुंचा दिया जाता । पुलिस ने अभियुक्त अजय कुमार गुप्ता व अनिल कुमार गुप्ता पुत्र देवेन्द्र कुमार गुप्ता निवासी कहली थाना कासिमपुर को गिरफ्तार कर लिया है ।