सामाजिक उन्नति संस्था की ओर से विद्यालय में आयोजित हुआ निःशुल्क नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर

विशेषज्ञों द्वारा सैकड़ों विद्यार्थियों की आँखों एवं दाँतों की जांचकर दिया गया निश्शुल्क परामर्श एवं दवाइयाँ

कछौना (हरदोई)। जनपद हरदोई के विकासखंड कछौना के ग्राम गैसिंहपुर स्थित होरी लाल इंटर कॉलेज में शनिवार को निःशुल्क नेत्र एवं दंत चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। ‘सामाजिक उन्नति संस्था’ के तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क दंत एवं नेत्र चिकित्सा शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक बसंत सिंह ने किया। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉo संजय कुमार गौतम व दंत रोग विशेषज्ञ डॉo अमरेंद्र सिंह द्वारा विद्यालय में पढ़ने वाले लगभग 200 से अधिक विद्यार्थियों की आंखों एवं दांतों की जाँचकर उन्हें निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयाँ प्रदान की गई।

शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने दांतों एवं आँखों की सुरक्षा तथा देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी विद्यार्थियों के साथ-साथ उपस्थित सभी शिक्षकों को भी दी। दंत रोग विशेषज्ञ डॉo अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मुंह एवं दांतों की उचित देखभाल एवं साफ-सफाई से मुंह एवं दांत में होने वाले कई गंभीर रोगों से बचा जा सकता है। यदि मुंह एवं दांत में किसी प्रकार का कोई लक्षण दिखाई दे तो तत्काल समय रहते चिकित्सकों से उचित परामर्श लेनी चाहिए ताकि इससे बाद में होने वाली परेशानियों से बचा जा सके। वहीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉo संजय कुमार गौतम ने बताया कि स्कूली उम्र के बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं का सबसे आम कारण रेफ्रेक्टिव एर्रोर्स (अपवर्तक त्रुटियां) जैसे लगातार टीवी के बहुत करीब बैठना या किसी किताब को बहुत पास रखना, पढ़ते समय अपनी जगह खोना या पढ़ते समय अपनी आँखों का मार्गदर्शन करने के लिए एक उंगली का उपयोग करना, सिरदर्द या आँखों की थकावट की शिकायत करना, प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता और या आँख में अत्यधिक पानी आना आदि कई होते हैं। यदि विद्यार्थी ऐसे किसी लक्षण को प्रदर्शित करता है, तो नेत्र चिकित्सक से तत्काल चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।

इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक बसंत सिंह ने कहा कि सामाजिक उन्नति संस्था द्वारा विद्यालय में आई एंड डेंटल चेकअप कैंप के आयोजन का यह प्रयास काफी सराहनीय है। इस प्रकार के शिविर विद्यालय में लगाए जाने से विद्यार्थियों को निश्चित रुप से काफी लाभ मिलेगा तथा वह आंख और दांत में होने वाली बिमारियों से बच सकेंगे। इस अवसर पर संस्था के सचिव अशोक कुमार तथा उपाध्यक्ष असीर बाबू के द्वारा विद्यालय के प्रबंधक एवं समस्त सहयोगी साथियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र दे कर सम्मानित किया गया।