समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव के ट्विटर अकाउंट के साथ एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। उनके नाम के Facebook व ट्विटर पर फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं तथा उन अकाउंट से आपत्तिजनक फोटो डाली जा रही है। इससे समाजवादी पार्टी में हड़कंप मच गया है।
मामले की साइबर क्राइम सेल ने पड़ताल शुरू कर दी है। अखिलेश यादव के निजी सचिव गजेंद्र सिंह ने मामले की रिपोर्ट गौतमपल्ली थाने में दर्ज कराई है। साथ ही फर्जी ट्विटर और फेसबुक अकाउंट और उस पर डाले गए आपत्तिजनक पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंप दिये हैं। इन पोस्ट में डिंपल यादव औऱ अखिलेश की तरफ से BJP और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किये हैं। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज मामले की पड़ताल साइबर क्राइम सेल को सौंपी गई है। सूत्रों के अनुसार छानबीन की जा रही है। दोनों अकाउंट में पोस्ट डालने के साथ उनके पोस्ट को रिट्वीट करने वालों की सूची तैयार करने के साथ पोस्ट में इस्तेमाल किए गए इंटरनेट कनेक्शन, कंप्यूटर या मोबाइल सेट का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि अखिलेश यादव व डिंपल यादव के अपने खुद के वेरीफाइड ट्विटर और फेसबुक अकाउंट हैं जिसमें दोनों किसी महोत्सव, स्पेशल डे की बधाइयां देते हैं तथा समाजवादी पार्टी में होने वाले बड़े कार्य उपलब्धियों के बारे में बताते हैं लेकिन हाल ही में उनके नाम के फर्जी अकाउंट बनने के मामले से समाजवादी पार्टी में हड़कंप मच गया है।