पाकिस्तानी सैनिकों ने कल लगातार तीसरे दिन जम्मू में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे इलाके में भारी गोलाबारी की, जिससे एक बच्चे और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सीमा सुरक्षाबल के पांच जवानों सहित 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों के आर.एस.पुरा, अरनिया, रामगढ़, सांबा और हीरा नगर सेक्टरों में पाकिस्तानी रेंजरो ने भारी गोलाबारी की है।
बीएसएफ के जवान भी पाकिस्तानी गोलाबारी का माकूल जवाब दे रहे हैं, जिससे सीमा पार पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचा है। गोलाबारी से प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सीमा पर बढ़ते तनाव के चलते सीमावर्ती आबादी का एक बड़ा हिस्सा स्थायी रूप से सुरक्षित जगहों पर पलायन कर गया है। लोग अपने रिश्तेदारों और राहत शिविरों में डेरा डाले हुए हैं। ये रिलीव कैम्पस एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा पंचायतघरों, स्कूलों, मंदिरों और कमेटी हॉल्स बगैरा में स्थापित किए गए हैं। अभी तक गत 15 मई से चल रही पाकिस्तानी गोलीबारी में दो बी एस एफ के जवानों सहित 11 लोगों की जानें गई हैं और सौ के लगभग लोग घायल हुए हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी जिले अनंतनाग में बिजबेहड़ा में आज दोपहर बाद ग्रेनेड हमले में एक महिला समेत कम से कम छह लोग घायल हो गये, सुरक्षा बलों ने आकाशवाणी को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने सुरक्षा बलों के वाहन पर ग्रेनेड फेंका, लेकिन निशाना चूक जाने से ग्रेनेड गुरिवान इलाके में सड़क पर जाकर फटा।