दीपक कुमार श्रीवास्तव :
कछौना (हरदोई)। ग्रामीण सेवा महासभा के तत्वाधान में जनपद हरदोई के विकासखंड कछौना में सेठ भूरामल आदर्श विद्यालय क्रिकेट ग्राउंड पर 15 जनवरी से आरंभ हुई प्रथम युवा टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को फाइनल मुकाबले साथ संपन्न हुई। फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब भीरीघाट और महाकाल गोला बारूद बालामऊ टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में फ्रेंड्स ने गोला बारूद को हराकर खिताब पर अपना कब्जा किया।

मंगलवार को खिलखिलाती धूप और बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में महाकाल गोला बारूद बालामऊ की टीम के कप्तान काका ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नफीस के शानदार अर्धशतक 56 और इमरान द्वारा खेली गई 43 रनों की अहम पारियों की बदौलत निर्धारित 16 ओवरों में 163 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोला बारूद टीम को शीर्ष क्रम बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत दी, मगर नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण पूरी टीम 15वें ओवर में 155 रन बनाकर आल आउट हो गई और 8 रनों के अंतर से मैच हार गई। फाइनल मैच में 5 विकेट लेकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका अदा करने वाले फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के गेंदबाज सीपी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच और पूरी प्रतियोगिता के दौरान शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुल 320 रन बनाकर टीम के फाइनल तक के सफर में अहम योगदान देने वाले बल्लेबाज सुनील को मैन ऑफ द सीरीज की ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया।
वही आयोजक समिति ग्रामीण सेवा महासभा के संस्थापक अरुण राठौर द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को शील्ड एवं क्रमशः 11000 व 5500 रुपए की निर्धारित इनामी राशि का चेक प्रदान किया गया। विजेता टीम के कप्तान रवी ने कहा कि प्रतियोगिता के शुरुआती मैचों से लेकर खिताबी मुकाबले तक सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। यह जीत खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास के बदौलत मिली है। इस अवसर पूरी प्रतियोगिता में कमेंट्री, स्कोरर और अंपायरिंग की भूमिका में रहे लोगों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण सेवा महासभा के संस्थापक और जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी टूर्नामेंट के आयोजक अरुण राठौर ने कहा कि खेलों से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है लेकिन उचित मंच न मिलने से खिलाड़ी प्रतिभा दिखाकर आगे नहीं बढ़ पाते हैं। इसलिए क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। इसी सोच के साथ इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और भविष्य में भी किया जाता रहेगा। अरुण राठौर ने आए हुए अतिथियों के साथ-साथ टूर्नामेंट के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी दर्शकों एवं कमेटी के सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। फाइनल मुकाबले में सत्येंद्र श्रीवास्तव व अमित ने अंपायर, गुफरान व आकाश ने स्कोरर, क्रांतिवीर सिंह ने मैच रेफरी और मोहम्मद शोएब ने हमेशा की तरह बेहतरीन हिंदी कॉमेंटेटर की भूमिका निभाई।