सरकार बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उपाय कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वित्तीय संकल्प और जमा सुरक्षा विधेयक-2017 के बारे में अफवायें उड़ाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि जनधन योजना के तहत 30 करोड़ से अधिक गरीब लोगों ने अपने बैंक खाते खुलवाये । एक अध्ययन से पता चला है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मुद्रास्फीति में कमी आई है। रक्षा, वित्तीय और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में 87 महत्वपूर्ण सुधार किए गए।
तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराये गए। मुद्रा योजना के तहत नौ लाख 75 हजार से अधिक युवाओं को व्यापार के लिए गारंटी मुक्त ऋण के रूप में चार लाख करोड़ से अधिक की राशि दी गई, जिससे तीन करोड़ नए उद्यमी जुड़े। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार व्यापार को ध्यान में रखते हुए बहुत से फालतू कानूनों को समाप्त करने जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग की ओर से वस्तु एवं सेवाकर के बारे में मांग की जाती रही है और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे लागू किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन उपायों से लोगों के कर के बोझ में कमी आएगी।