स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महादेव प्रसाद शुक्ला अनन्त यात्रा पर, श्रद्धांजलि की गयी अर्पित

हरदोई के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महादेव प्रसाद शुक्ला का आज 100 वर्ष की उम्र में निधन होने पर शहीद स्मारक सिमरिया के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ द्वारा एक शोक सभा आयोजित कर स्वर्गीय शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।

इस शोक सभा में श्री गौड़ ने बताया कि स्वर्गीय महादेव प्रसाद शुक्ला जिन्होंने 1945 में सत्याग्रह को लेकर महात्मा गांधी के साथ नैनी जेल में सजा काटी और छूटने पर अंग्रेजी शासन से लोहा लेते हुए हरदोई के घंटाघर विक्टोरिया लान में तिरंगा झंडा फहराने से मना करने पर तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को तमाचा मार कर भागे थे । कुछ ही समय बाद हरदोई के रेलवे स्टेशन से उनको पकड़ा गया था ।वर्ष 1980 में उन्होंने सन्यास लिया और नैमिषारण्य में आश्रम बनाकर रहते थे ।उन्होंने श्री शुक्ला के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हरदोई उनको कभी भूल नहीं सकता । उन्होंने शहीद स्मारक सिमरिया के निर्माण में वर्ष 2011 में आर्थिक सहयोग किया और 2011 से प्रतिवर्ष कड़ाके का जाड़ा होने के बावजूद 26 जनवरी को उनके साथ सिमरिया में शहीदों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए जाते थे और नौजवानों को देश प्रेम की कहानी भी सुनाते थे। इस शोक सभा मे अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कुल भूषण सिंह, संजीव सिंह, रविन्द्र पाठक आदि कई लोगो ने उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।