हरदोई 25 फरवरी- सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों के साथ अब उनके तीमारदार भी अस्पताल से मुफ्त भोजन पाएंगे। इसके लिए निदेशालय ने अनुमति प्रदान कर दी है। सरकारी अस्पतालों में इसे जल्द ही लागू करने के आदेश दिए गए हैं। इसको लेकर काफी हद तक तीमारदार राहत पा सकेंगे।
सीएचसी से लेकर जिला अस्पतालों में अभी तक केवल भर्ती होने वाले मरीजों को नि:शुल्क भोजन कराने की व्यवस्था की गई थी। इसमें मरीजों को दोपहर और शाम का भोजन दिया जाता है। लेकिन तीमारदारों को अपने पास से भोजन के लिए खर्च करना पड़ता था। इसके बाद ही वह बाहर से खाना खा सकते थे। इसको लेकर कुछ मामले हाई कोर्ट तक पहुंचे। जिसमें भर्ती मरीजों के साथ आने वाले तीमारदार के लिए भोजन की व्यवस्था कराने की मांग की गई। इसी के चलते हाई कोर्ट ने स्वास्थ्य निदेशालय को एक आदेश दिया। जिसमें कहा गया कि मरीजों के साथ आने वाले एक तीमारदार को दोपहर और शाम का भोजन अस्पताल प्रशासन की ओर से मुहैया कराया जाए। बता दें तीमारदारो को मिलने वाला भोजन ठीक उसी प्रकार होगा जिस प्रकार मरीजों को दिया जाता है। इसमें कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।
मालूम हो कि हाई कोर्ट में की गई अपील में इस बात का जिक्र किया गया था कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदार भोजन के लिए भटकते हैं। मरीज को छोड़कर बाहर भोजन के लिए नहीं जा सकते। इसके चलते यह फैसला लिया गया।हाल ही में जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों को निदेशालय ने पत्र लिखकर इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही है। अब तीमारदार अपने मरीज के साथ भोजन कर सकेंगे। इस बाबत सीएमओ डॉ0 एस के रावत व जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ0 एके शाक्य ने बताया कि निदेशालय से आदेश मिलने पर तीमारदारों के लिए अस्पताल प्रशासन को अवगत कराया गया है। इसे जल्द ही लागू किया जा रहा है।