आग से गृहस्थी खाक, युवक झुलसा

पाली- पचदेवरा के मुर्तजानगर में चूल्हे से निकली चिंगारी ने एक किसान के आशियाने को जलाकर खाक कर दिया। ग्रामीणों की मदद से जब तक परिजन आग पर काबू पाते तब तक समस्त गृहस्थी आग में स्वाहा हो चुकी थी। इस दौरान आग बुझाते समय किसान का बेटा भी बुरी तरह झुलस गया। फिलहाल उसका स्थानीय स्तर पर ही उपचार किया जा रहा हैं।
मुर्तजानगर निवासी रामकुमार अपने परिवार के साथ एक कच्चे मकान में रहते है। गांव में खेतीबाड़ी करने वाले राजकुमार शनिवार को किसी काम से गांव के बाहर चले गए। बताया जाता हैं कि दोपहर को रामकुमार की पुत्रवधू सोनी चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी चूल्हे से निकली चिंगारी घर मे पड़े छप्पर की चपेट में आ गई। कोई कुछ समझ पाता तब तक हवा के तेज झोंको की मदद से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे रामकुमार का आशियाना धू-धू कर जलने लगा। परिजनों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण भी आ गए। लोगो ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया । हालांकि आग पर ग्रामीणों ने नियंत्रण तो कर लिया लेकिन तब तक रामकुमार की सारी गृहस्थी जलकर नष्ट हो चुकी थी। रामकुमार के मुताबिक कपड़े, बर्तन, रजाई, गद्दे, चारपाई, अनाज अन्य सभी कुछ आग की भेंट चढ़ गया। तकरीबन 70 हजार के नुकसान का आंकलन किया जा रहा हैं। आग बुझाने के दौरान रामकुमार का बेटा ब्रजकिशोर गम्भीर रूप से झुलस गया। फिलहाल घटना के घण्टों बाद भी राजस्वकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।