हरदोई- पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने गॉव के बाहर झोपड़ी में रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों ने शव का लटकते देखा और परिजनों को सूचना दी।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुर निवासी जोगेंद्र उर्फ नन्हे भइया (23) पुत्र जगदीश खेतीबाड़ी का काम करते थे। पिता ने बताया कि जोगेंद्र तीन बेटों में दूसरे नंबर पर था। उन्होंने अपने बेटे जोगेंद्र की शादी अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी छुन्नू की बेटी प्रीती के साथ दिसम्बर में की थी। गुरुवार को प्रीती का भाई गोपाल विदा कराने के लिए घर आया था और जोगेंद्र भेजना नहीं चाहता था। इस बात को लेकर दोनों में एक घंटे तक विवाद होता रहा और इसके बाद गोपाल प्रीती को लेकर चला गया। प्रीती के जाने के बाद जोगेंद्र घर से निकल गया और देर शाम तक वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी खोजबीन करने निकले। तभी गांव के बाहर झोपड़ी में उसका शव रस्सी से लटकता ग्रामीणों ने देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।