नगर में अवैध खनन का काम जोरो पर

गजरौला-

सरकार के लाख दावों के बावजूद भी जनपद अमरोहा के थाना क्षेत्र गजरौला के अंतर्गत रेत का काला कारोबार जोरों से चल रहा है। अवैध खनन करने वालों को न तो पुलिस व प्रशासन का ही डर है और न ही सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का खौफ। यही कारण है कि गजरौला के तिगरी मार्ग पर रात्रि ग्यारह बजे के बाद रेत का काला काम शुरू हो जाता है और पूरी रात धड़ल्ले के साथ चलता है ।

खनन माफिया गंगा धाम तिगरी से नीला रेत निकाल कर शहर में बेचते हैं और मोटा मुनाफा कमाते हैं। अवैध खनन करने वालो के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है । वे गजरोला थाने के सामने से ही रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली लेकर गुजरते हैं और गजरौला पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी रहती है। खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन करना दो बातो का संकेत दे रहा है कि एक ओर जहां सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना हो रही है वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। अवैध खनन करने वालों की पौ बारह हो रही है। अगर इसी तरह खनन माफिया अपनी दबंगयी के बल पर नीली रेत का अवैध रुप से कारोबार करते रहे तो प्रदेश में एक दिन शासन, प्रशासन का नहीं खनन माफियाओं का ही राज होगा । सूत्रों से मिली जानकारी से पता चला है की खनन माफिया राजनीतिक संरक्षण के बल पर ही अवैध खनन का काम करते हैं ।