चुनावी रंजिश में प्रधानपति पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप, दोनों का मुकदमा दर्ज

कछौना, हरदोई – थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी महेंद्र पाल पुत्र गया प्रसाद ने बताया की रविवार देर शाम वह अपने साथी गांव निवासी राधेलाल पुत्र छविनाथ के साथ दरवाजे पर बैठा खेती-बाड़ी की बातें कर रहा था । उसी बीच ग्राम प्रधान साजिदा के पति मोहम्मद अमजद उर्फ लतीफ व भाई नफीस, हफीज तथा उनके चाचा फकीरे का लड़का मुनीस आए और लाठी चाकू से हमला करने लगे । मारते-मारते घसीटकर अपने घर ले गए जहां उसके हाथ बांधकर राड व डंडो से जमकर पिटाई की तथा साथी राधेलाल पर चाकू से हमला किया । गांव के लोग शोरगुल सुनकर पहुंचे जिनके हस्तक्षेप पर प्रधान ने बंधन मुक्त किया । रात में ही वह थाने आया जहां से पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भेजा । डाक्टर ने महेंद्र की हालत चिंताजनक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।
दूसरी ओर ग्राम प्रधान पति अमजद ने महेंद्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है जिसमें कहा है कि वह अपने घर से शौच के लिए जा रहा था रास्ते में महेंद्र पुत्र गया प्रसाद व उनके तीन आज्ञात साथी उन्हें लात-घूंसों से मारने लगे । शोरगुल सुनकर उनका भाई हफीज पहुंच गया जिस पर महेंद्र ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया । शोर मचाने पर घर के अन्य लोग दौड़े तो महेंद्र व उसके साथी तमंचा लहराते हुए भाग निकले ।
उक्त प्रकरण के बाबत प्रभारी कोतवाल कछौना जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है । खास बात यह है कि प्रधान ने चुनावी रंजिश में हमला बोल बंधक बनाकर जमकर पीटा और उल्टे ही मुकदमा लिखाया है जिसमे कहा गया है कि तमंचा लहराते हुए भाग गए । तो फिर जो प्रधान पति ने एक तमंचा थाने में दिया है और जिसे महेंद्र का बता रहे हैं वह किसका है ? दरअसल मुकदमे में कहा है कि तमंचा लहराते हुये भाग गए तो फिर तमंचा प्रधान पति ने किसका थाने में जमा किया । हकीकत क्या है यह तो जांच में पता चलेगा ? एक और खास बात है कि जो गम्भीर रूप से घायल है उसकी तरफ से मात्र एनसीआर लिखी गयी और जिसने मारा उसकी तरफ से जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है जो किसी के गले नही उतर रहा है ।