राघवेन्द्र कुमार राघव-
गौसगंज, हरदोई – गुरुवार को जनपद के लोकप्रिय जिलाधिकारी पुलकित खरे के नेतृत्व में विकासखंड कछौना के गौसगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक पेड़ बेटियों के नाम की परिकल्पना को मूर्त रूप देते हुए बेटी बगीचा की अनूठी शुरुआत की गई ।

अपने कार्यों से अलग ही छवि बनाने वाले जिलाधिकारी पुलकित खरे शिक्षा और बेटियों के सम्मान के लिए शुरू से ही काफी सजग रहे हैं । इसी कड़ी में जिलाधिकारी ने बेटियों के जन्म पर उनके नाम से एक पेड़ रोपित करने की अनोखी परिपाटी की शुरुआत की है । जिलाधिकारी के महत्वाकांक्षी अभियान के पीछे मजबूत बेटी के हाथों मजबूत और सशक्त समाज के निर्माण का प्रयास है । आज जब बेटियां बेटों से भी एक कदम आगे निकल कर सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं तब वही समाज उन्हें हाशिए पर क्यों रख रहा है ? यह बात जिलाधिकारी को सदैव ही खटकती रही है । चाहे बेटियों का अपमान हो या उन्हें गर्भ में ही मारने की घटना हो, यह हमारे समाज को सदैव कलंकित करती रही है । जिलाधिकारी ने ऐसी घटनाओं को सभ्य समाज के लिए अभिशाप बताते हुए बेटियों को सशक्त समाज का सुदृढ़ आधार बताया ।
श्री खरे ने कहा कि बेटियों के स्वर्णिम भविष्य से ही स्वर्णिम भारत का निर्माण संभव है । जब तक बेटियां आगे नहीं बढेंगी तब तक यह समाज सदैव पिछड़ा ही रहेगा । बेटियों के जन्म पर पेड़ लगाने के इस अभियान के पीछे जहां बेटियों के लिए सम्मान छिपा है वहीं पर्यावरण की दृष्टि से भी यह कदम काफी महत्वपूर्ण है ।
जिलाधिकारी ने इस मौके पर बच्चियों के हाथों वृक्षारोपण कराते हुए ग्राम प्रधान पति श्याम सिंह व प्रधानाध्यापक दुष्यंत कुमार सहित उपस्थितजनों से बगीचे की देखभाल करने को कहा । इस महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक कार्यक्रम में गौसगंज की महिला प्रधान मंजू सिंह का उपस्थित ना होना एक चर्चा का विषय रहा । कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी का बाल प्रेम भी खुलकर सामने आया । जिलाधिकारी इससे पहले भी होनहार भानु को गोद में उठाकर उसकी प्रतिभा परखकर उसे अभिभावकत्व प्रदान कर चुके हैं । आज के इस कार्यक्रम में भी जिलाधिकारी ने बच्चों को गोद में उठाकर उन्हें दुलराया । बच्चियों के अभिभावकों को श्री खरे ने अपना मुरीद बना लिया और साथ ही उन्हें बेटियों की महत्ता से भी अवगत कराया ।
बेटी बगीचा के शुभारंभ के अवसर पर जिला वन अधिकारी राकेश चंद्र, उपजिलाधिकारी उदयभान सिंह, खंड विकास अधिकारी अजीत कुमार सिंह, वन क्षेत्राधिकारी कछौना शीतला प्रसाद व चौकी गौसगंज प्रभारी ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे ।