जल शक्ति मंत्री ने माइनर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को लगायी कड़ी फटकार

जल शक्ति मंत्री ने माइनर का किया निरीक्षण, सिल्ट की साफ-सफाई, पुलिया निर्माण व टेल तक पानी हेतु लगाई अधिकारियों को कड़ी फटकार ।

कछौना (हरदोई): गुरुवार को जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कछौना माइनर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सिल्ट की सफाई में कतई कोताही न बरतने का निर्देश दिया, साथ ही समय अवधि के अंदर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही जिससे किसानों को समय से पानी मिल सके।

अधिकारियों ने 24 नवंबर तक प्रत्येक दशा में सफाई कराने की बात कही। वहीं जल शक्ति मंत्री सिल्ट सफाई से संतुष्ट नहीं नजर आए। सिल्ट सफाई में बजट की जानकारी ली। पुलिया के नीचे सफाई पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान किसान पीडी गुप्ता ने हथौड़ा रजबहा से बघौली माइनर की दुर्दशा व्यक्त की। इसकी सफाई न होने के कारण एक किलोमीटर दूरी का टेल पूरी तरह से समतल हो चुका है। बरवा ग्राम के पास हथौड़ा रजबहा की पुलिया पूरी तरह से टूट चुकी है। जिसके चलते कई ग्रामों का आवागमन बाधित हो रहा है।

बघौली माइनर के छोर पर दीवार टूट चुकी है जिससे पानी का फ्लो नहीं बनता है। बघौली माइनर की विधिवत सफाई न होने के कारण खरीफ फसल के दौरान ओवर फ्लो के चलते सैकड़ों किसानों की फसल जलमग्न हो जाती है। जिसकी दर्जनों बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई परंतु कोई कार्रवाई न हुई। अधिकारी बजट का रोना रोते रहते हैं। मंत्री जी ने सख्त लहजे में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई, पुलिया निर्माण व टेल को साफ कराने का निर्देश दिया। मंत्री के निरीक्षण में अधिकारी हलकान रहे।सरकार की मंशा पर अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। सरकार की नियत साफ है कि प्रत्येक किसान के खेत में पानी पहुँचे जिससे उनकी आय दोगुनी हो सके।

ख़बर:- पी0डी0गुप्ता