आबकारी व पुलिस टीम ने छापेमारी कर पकड़ी अवैध कच्ची शराब

कछौना (हरदोई) : जिलाधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स के दिशा निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर के नेतृत्व में जनपद में दीपावली पर्व को ध्यानगत रखते हुए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को आबकारी व पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में अलग अलग थाना क्षेत्रों में संयुक्त दबिश की करवाई की गयी। जिसमें आबकारी निरीक्षक संडीला दिलीप वर्मा एवं बेनीगंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम सलेमपुर तथा कोतवाली कछौना के ग्राम समसपुर में 105 लीटर अवैध शराब, 800 किग्रा लहन तथा 2 व्यक्तिओ को मौके से गिरफ्तार किया गया।आबकारी निरीक्षक शाहाबाद नेहा सिंह व अरवल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना अरवल के ग्राम ढकपुरा, अदनिया, गढियाखेडा में आबकारी व पुलिस की टीम द्वारा आकस्मिक दबिश दी गई। दबिश दौरान लगभग 55 लीटर कच्ची शराब, 600 किग्रा लहन तथा 2 भट्टी सहित, 2 व्यक्तिओ को गिरिफ़्तार किया गया।

आबकारी निरीक्षक बिलग्राम अनिल श्रीवास्तव व मल्लावाँ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना मल्लावा के ग्राम नेवादा परस, बरौना में दबिश की कार्यवाई में 120 लीटर अवैध कच्ची शराब,1200 किग्रा लहन एवं 2 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। अवैध शराब की तस्करी में एक वाहन भी पकड़ा गया।बरामद शराब को कब्जे में लेकर समस्त टीमो द्वारा लहन को मौके पे नष्ट कर दिया गया। गिरफ्तार व्यक्तिओ को जेल भेज दिया गया। वाहन के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 72 के तहत कार्यवाही की गई।। इस आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त कार्यवाई में 280 लीटर अवैध कच्ची शराब,2600 किग्रा लहन व 1 वाहन बरामद करते हुए 6 व्यक्तिओ को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आबकारी अधिनियम की धारा 60 व 60(2), व 72 के तहत कुल 12 अभियोग पंजीकृत किये गए।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता